संजलि के परिजनों को न्याय दिलाने के लिए निकाला गया कैंडल मार्च
- फोटो : अमर उजाला
अखिल भारतीय डॉ. बीआर अंबेडकर, अधिवक्ता परिषद बुलंदशहर ने आगरा में कुमारी संजलि को जिंदा जलाए जाने की घोर निंदा की। शनिवार को अधिवक्ता परिषद ने मांग की कि मृतका के परिजनों को एक करोड़ रुपये मुआवजा, बहन को नौकरी, आगरा में तीन कमरों का फ्लैट आदि दिया जाए। अधिवक्ता परिषद ने मांगों से संबंधित ज्ञापन राज्यपाल व उत्तर प्रद्रेश सरकार को भेजा है। इस अवसर पर अध्यक्ष शीशपाल सिंह, मदन पाल सिंह गौतम, नेक सिंह, हुकुम सिंह, प्यारेलाल, रमेश चंद, हरकिशन आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।
कैंडल मार्च निकालकर संजलि को श्रद्धांजलि
शनिवार शाम को मामले में समता सैनिक दल व भीम आर्मी भारत एकता मिशन के तत्वावधान में संजलि को श्रद्धांजलि स्वरूप कैंडल मार्च निकाला गया। जिला मीडिया प्रभारी प्रदीप गौतम ने बताया कि कैंडल मार्च नुमाइश ग्राउंड स्थित छात्रावास से कालाआम पहुंच कर समाप्त हुआ। इस दौरान अर्जुन गौतम, अश्वनी कुमार, नवाब सिंह, अमित सिंह, जीतू कुमार, दीपक कुमार, केशव, मनीष आदि मौजूद रहे।
लोगों ने न्याय दिलाने का लिया संकल्प
संजलि जाटव को न्याय दिलाने के लिए शुक्रवार देर शाम साक्षी फाउंडेशन ने खत्रीवाड़ा से आंबेडकर पार्क तक कैंडल मार्च निकाला। मार्च में शामिल सभी लोगों ने संजलि की आत्म शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर उसे न्याय दिलाने का संकल्प लिया।
फाउंडेशन के सदस्य कपिल गौतम ने बताया कि बुधवार को आगरा के लालऊ गांव निवासी संजलि जाटव (15) स्कूल से वापस लौट रही थी। रास्ते में बाइक सवार दो युवकों ने घर से 500 मीटर पहले उसके ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। गंभीर रूप से झुलसी संजलि की बुधवार रात करीब ढाई बजे दिल्ली के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। संजलि को न्याय दिलाने के लिए शुक्रवार देर शाम नगर के खत्रीवाड़ा से कैंडल मार्च निकाला गया। दर्शन गौतम, विशाल गौतम, लोकेश, कार्तिक, दीपक गौतम, आशा, हबीब, अनिल कुमार, विनोद कुमार, कौशल, शिव कुमार, नरेश लता गौतम, रितिका आदि मौजूद रहे।