1984 सिख दंगा मामले में कांग्रेस नेता सज्जन कुमार अपनी सजा के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंच गए हैं। बता दें कि 17 दिसंबर को दिल्ली हाई कोर्ट ने सिख विरोधी दंगों से जुड़े एक अन्य मामले में सज्जन कुमार को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी।
इस फैसले के खिलाफ सज्जन कुमार ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है।दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले के बाद पहले ही सज्जन कुमार के वकीलों ने कहा था कि वे सर्वोच्च न्यायालय का दरावाजा खटखटाएंगे।
गौरतलब हो 1984 सिख विरोधी दंगा मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला दिया था।अदालत ने कहा कि परिस्थितजन्य साक्ष्यों और गवाहों के बयानों को यदि ध्यान से देखा जाए तो साफ पता चलता है कि कांग्रेस नेता सज्जन कुमार ने दंगों में अपनी भूमिका का निर्वाह नहीं किया था जबकि वे हिंसा पर उतारू भीड़ का समझा बुझा सकते थे।
लेकिन उस दौरान उन्होंने ऐसा नहीं किया। अदालत ने अपनी इस टिप्पणी के साथ निचली अदालत के फैसले को पलट दिया और उम्रकैद की सजा सुना दी।
इससे पहले कांग्रेस के पूर्व नेता सज्जन कुमार को सिख दंगा मामले में राहत नहीं मिली थी। दिल्ली हाई कोर्ट ने सरेंडर करने की अवधि बढ़ाए जाने की उनकी अर्जी शुक्रवार को खारिज कर दी थी।
कोर्ट के इस फैसले के बाद अब सज्जन कुमार को अदालत में आत्मसमर्पण करना होगा। इसके लिए 31 दिसंबर तक का समय दिया गया है। बता दें कि सज्जन कुमार ने सरेंडर करने के लिए कोर्ट से एक महीने की मोहलत मांगी थी।