यूरिन इंफेक्शन से शुरू हुई समस्या बढ़कर क्रॉनिक किडनी बीमारी में बदली
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। 21 वर्षीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर क्यूटी मेंदिरत्ता को उनके पिता योगेश मेंदिरत्ता द्वारा किडनी दान किए जाने के बाद नया जीवन मिला है। क्यूटी की दोनों किडनी ने काम करना बंद कर दिया था, जिसके बाद दिल्ली के एक निजी अस्पताल में इलाज और डायलिसिस के दौरान डॉक्टरों ने किडनी प्रत्यारोपण की सलाह दी। पिता ने तुरंत अपनी किडनी देने का निर्णय लिया।
क्यूटी की बीमारी एक साधारण यूरिन इंफेक्शन से शुरू हुई थी, जो बढ़ते-बढ़ते क्रॉनिक किडनी बीमारी में बदल गई। बीमारी के कारण वह सोशल मीडिया से दूर हो गई थीं और लगातार डायलिसिस व कमजोर होती सेहत से परिवार चिंतित था।
योगेश मेंदिरत्ता ने कहा कि बेटी के सपनों से बढ़कर कुछ नहीं। क्यूटी ने कहा कि पिता ने उन्हें दो बार जीवन दिया है और यह उनके लिए नया जन्म है। ट्रांसप्लांट के बाद वह अब धीरे-धीरे पूरी तरह स्वस्थ हो रही हैं और दोबारा अपने काम और फॉलोवर्स के बीच लौटने के लिए तैयार हैं।