शहर के अल्फा कमर्शियल बेल्ट स्थित एक निजी बैंक के सामने से 25 हजार रुपये छीनकर युवक फरार हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर एसपी ग्रामीण अभिषेक यादव समेत कासना थाने की फोर्स पहुंच गई।
प्राथमिक जांच में पुलिस मामला संदिग्ध बता रही है।
सीसीटीवी फुटेज की जांच में पीड़ित युवक और आरोपी बैंक के बाहर तक साथ निकलते दिखाई दिए हैं। वहीं, युवक अपना बयान बार-बार बदल रहा है। कासना पुलिस मामले की जांच कर रही है। मूल रूप से दनकौर का रहने वाला विपिन शहर में एक घर पर नौकर है। गृहस्वामी ने विपिन को कॉमर्शियल बेल्ट स्थित एक बैंक के खाते में 25 हजार रुपये जमा करने के लिए भेजा था।
दोपहर करीब 12:15 बजे उसने पुलिस को 25 हजार रुपये की लूट बैंक के अंदर होने की सूचना दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले पीड़ित की शिकायत सुनी। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच की। जांच में पता चला कि जिस आरोपी पर युवक ने लूट का आरोप लगाया। उसी के साथ युवक बात करते हुए बैंक से बाहर निकला। वहीं, युवक ने घटना स्थल के बारे में तीन बार अपना बयान पलटा।
कासना पुलिस ने बताया कि युवक को 12:17 मिनट पर उसके मालिक ने फोन किया था। इस दौरान उसने पैसा जमा करने के लिए बैंक की लाइन में लगा होने की बात बताई थी। जबकि 12:02 मिनट पर ही युवक बैंक से बाहर निकलते हुए सीसीटीवी फुटेज में देखा गया है। कासना थाना पुलिस युवक से पूछताछ शुरू कर दी है।