दीपावली के मौके पर शराब की तस्करी कर दिल्ली ले जाई जा रही शराब की 12 पेटियों को जीआरपी ने बरामद किया है और इस धंधे में शामिल दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है।
पकड़े गए आरोपी पलवल के जनौली गांव के रहने वाले हैं। थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को जीआरपी की टीम असावटी स्टेशन पर गश्त कर रही थी कि मुखबिर से सूचना मिली की दो शराब तस्कर शटल से दिल्ली जाने वाले हैं।
इनके पास अवैध शराब की बोतले हैं। जीआरपी ने घेराबंदी कर दोनों को असावटी स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शिव सिंह और गजेंद्र सिंह निवासी जनौली, पलवल के रूप में हुई है।
अरविंद ने बताया कि दोनों तस्कर काफी समय से शराब की तस्करी कर दिल्ली में बेचते हैं। इनके कब्जे से 12 पेटी शराब बरामद की गई है।