अगर आप सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान करते हैं तो चौकन्ने हो जाईए, क्योंकि अब आप पर प्रशासन केअलावा सामाजिक संस्था भी पैनी नजर रखेगी।
जिला प्रशासन की पहल पर तंबाकू को लेकर जागरूक करने वाली संस्था हेल्थ फाउंडेशन और जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अधिकारियों के साथ बृहस्पतिवार को बैठक आयोजित हुई, जिसमें स्कूलों के बाहर एवं शहर में धूम्रपान बेचने वाले दुकानदारों पर भी नजर रखने का निर्णय लिया गया।
अब जिले के सरकारी भवनों एवं सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों पर पैनी नजर रखी जाएगी। नियम तोड़ने पर जुर्माना किया जाएगा। स्कूली बच्चों को भी विशेष रूप से जागरूक किया जाएगा, ताकि उन्हें शुरू से ही नशे से दूर रखा जा सके। इसके अलावा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूलों के बाहर धूम्रपान बेचने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी।
उन्हें किसी भी प्रकार का नशा नहीं बेचने दिया जाएगा। रेडक्रॉस भवन में आयोजित की गई बैठक में फाउंडेशन के मुखिया संजय सेठ, प्रोजेक्ट मैनेजर डा. हिना एवं प्रोजेक्ट डायरेक्टर आशोमा सरीन, ऑटो यूनियन के योगेश व परमजीत सहित रेडक्रॉस सचिव श्याम सुंदर ने भाग लिया।