स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम शुरू, शिक्षकों को भी मिलेगा डिजिटल प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। राजधानी के सरकारी स्कूलों में डिजिटल शिक्षा को मजबूत करने के लिए सीएसआर परियोजना ‘स्मार्टशाला’ के तहत एमसीडी के चार प्राथमिक विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम शुरू किए गए हैं। इस पहल से 3,500 से अधिक छात्रों को तकनीक-आधारित शिक्षा मिलेगी और 40 शिक्षकों को डिजिटल टीचिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
डिजीटॉपर्स की ओर से संचालित और आस फाउंडेशन नॉलेज पार्टनर के रूप में जुड़ी इस परियोजना के तहत स्कूलों में इंटरएक्टिव फ्लैट पैनल (आईएफपी) लगाए गए हैं। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 20 हजार वीडियो, 10 हजार ई-बुक्स और अभ्यास सामग्री उपलब्ध कराई गई है।
स्वधा की प्रतिनिधि वर्षा गोयल ने कहा कि स्मार्टशाला का उद्देश्य सिर्फ डिजिटल उपकरण देना नहीं, बल्कि रुचिकर शिक्षण माहौल विकसित करना है ताकि छात्र भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें। यह परियोजना एमसीडी प्राइमरी बॉयज स्कूल (घिटोरनी), एमसीडी प्रतिभा बॉयज स्कूल (आया नगर), एमसीडी प्राइमरी गर्ल्स स्कूल (छतरपुर) और निगम प्रतिभा बाल विद्यालय (छतरपुर) में लागू की गई है।