फरीदाबाद को झुग्गी मुक्त बनाने की प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं को ग्रहण लग सकता है। निगम के फ्लैट्स बनाने के लिए प्राइवेट बिल्डरों से निविदाएं आमंत्रित की गई थी।
लेकिन बिल्डरों ने इसमे कोई रुचि नहीं दिखाई है। इससे नगर निगम प्रशासन द्वारा नीलम-बाटा फ्लाईओवर के पास स्थित एसी नगर झुग्गी को हटा कर फ्लैट्स बनाने की योजना अधर में लटकती हुई नजर आ रही है। यहां के लोग झुग्गी उजाड़ने को विरोध कर रहे हैं। सोमवार को निविदाएं आमंत्रित करने की अंतिम तिथि है।
इससे पहले निगम ने 27 दिसंबर 2013 की अंतिम तिथि तय की थी। लेकिन बिल्डरों की ओर से अतिरिक्त समय मांगे जाने पर निगम ने 13 जनवरी तक इसे बढ़ा दिया था। एक बार तिथि बढ़ने के बाद भी केवल एक ही बिल्डर ने इसके लिए आवेदन किया है।
निगम सूत्रों के अनुसार, एक बिल्डर के आवेदन पर कोई भी फैसला नहीं हो सकता है, क्योंकि निविदाओं का कोरम पूरा करने के लिए कम से कम 4 या 5 आवेदन आना जरूरी है। माना जा रहा है कि इस योजना के विरोध में जनता द्वारा सड़कों पर उतरने के कारण प्राइवेट बिल्डर इस पचड़े में नहीं पड़ना चाहते हैं।