11 सितंबर को एबीवीपी करेगी केंद्रीय पैनल की घोषणा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के छह संभावित उम्मीदवारों ने बुधवार को नामांकन किया। एबीवीपी ने इस बार आर्यन मान, दीपिका झा, गोविंद तंवर, कुणाल चौधरी लक्ष्य राज सिंह और यश डबास को मैदान में उतारा है। एबीवीपी इन छह में से चार उम्मीदवारों को आगामी छात्रसंघ के लिए प्रत्याशी बनाएगी। नाम वापसी के अंतिम दिन यानी 11 सितंबर को एबीवीपी केंद्रीय पैनल की घोषणा करेगी।
एबीवीपी दिल्ली प्रांत मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा कि एबीवीपी के छह संभावित प्रत्याशियों ने सफलतापूर्वक नामांकन दाखिल किया है। एबीवीपी ने कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर आवाज उठाई है। इसमें एक पाठ्यक्रम-एक शुल्क, हॉस्टल आवंटन, आंतरिक शिकायत समिति का सुचारु संचालन, छात्राओं के लिए सुरक्षित वातावरण और सभी कॉलेजों में छात्राओं हेतु एनसीसी की व्यवस्था शामिल है। इन मांगों को लेकर एबीवीपी-नीत डूसू ने हाल ही में अनिश्चितकालीन धरना दिया और प्रशासन से अपनी बातें मनवाईं।
सार्थक शर्मा ने बताया कि संभावित प्रत्याशियों को प्री-कैंपेनिंग के दौरान व्यापक जनसमर्थन और प्यार मिला है। विश्वास है कि एबीवीपी इस बार केंद्रीय पैनल की चारों सीटों पर भारी मतों से विजय प्राप्त करेगी। उन्होंने बताया कि एबीवीपी के संभावित प्रत्याशी बीते कई दिनों से प्री-कैंपेनिंग के माध्यम से विभिन्न कॉलेजों के छात्रों से मिल रहे हैं। उनकी समस्याएं सुन रहे हैं, जिन्हें एबीवीपी अपने घोषणा पत्र में शामिल करेगी। अब तक गूगल फॉर्म के माध्यम से छह हजार से अधिक छात्रों ने अपनी प्रतिक्रियाएं साझा की हैं जो यह दर्शाता है कि एबीवीपी वास्तव में आम छात्रों का संगठन है।