राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से हाईवे के सिक्स लेन प्रोजेक्ट को रफ्तार देने का काम शुरू कर दिया गया। बदरपुर बॉर्डर की तरफ से हाईवे की एक साइड को चौड़ा करने का काम शुरू हो गया है। वहीं, दूसरी तरफ जिन जगहों पर फ्लाईओवर बनने हैं, वहां पर सर्विस रोड बनाने का काम भी तेज कर दिया गया है।
इसी क्रम में बाटा चौक पर बनने वाले फ्लाईओवर के लिए सर्विस रोड तैयार हो रही है। जल्द ही यहां पर ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार कर निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।
फरीदाबाद के मध्य से गुजर रहे एनएच टू को बदरपुर बॉर्डर से आगरा तक सिक्स लेन किया जाना है। इसके तहत अभी तक पलवल और होडल में भी काम शुरू किया गया था। लेकिन पिछले सप्ताह एनएचएआई ने फरीदाबाद में भी तेजी से काम शुरू कर दिया है। फरीदाबाद में बदरपुर बॉर्डर से आते समय हाईवे के राइट साइड में खुदाई का काम तेजी से हो रहा है।
अभी तक बड़खल चौक पर सर्विस रोड बनाने का काम पूरा होने के साथ बाटा चौक पर भी काम लगभग पूरा हो चुका है। अधिकारियों के अनुसार जल्द ही यहां पर ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया जाएगा।
यहां बनेंगे फ्लाई ओवर
प्रोजेक्ट के तहत एनएचपीसी चौक, बड़खल चौक, ओल्ड फरीदाबाद, अजरौंदा चौक, बाटा चौक और बल्लभगढ़ में फ्लाई ओवर बनना प्रस्तावित है।
एनएचएआई के डायरेक्टर मनोज कुमार गुप्ता ने कहा कि हाइवे सिक्स लेन प्रोजेक्ट के तहत जिन जगहों पर फ्लाई ओवर बनने हैं। वहां पर पहले सर्विस रोड बनाए जा रहे हैं। क्योंकि फ्लाई ओवर बनाने में लगभग डेढ़ साल का समय लगता है। ऐसे में ट्रैफिक इन सर्विस रोड से होकर गुजरेगा। बड़खल के साथ बाटा चौक पर भी सर्विस रोड तैयार कर लिया गया है।