इनाम में सफारी गाड़ी निकलने का झांसा देकर ठगों ने एक महिला से छह लाख रुपये ठग लिए। ठग इतने बेखौफ हैं कि महिला को संदेह होने पर आरोपियों ने कहा कि वह चाहे तो पुलिस से शिकायत कर दे।
वहीं, महिला बच्चों के साथ बृहस्पतिवार को थाना सेक्टर-58 में शिकायत करने पहुंची तो पुलिस ने बिना रिपोर्ट दर्ज किए, उन्हें साइबर क्राइम सेल में शिकायत करने के लिए भेज दिया।
मूलरूप से केरल निवासी व सेक्टर-62 के इंडियन ऑयल अपार्टमेंट में रह रहीं शीला अय्यर के पति सोमा सुंदरम, कोयंबटूर स्थित इंडियन ऑयल कंपनी में उड्डयन अधिकारी हैं।
शीला कुछ समय पहले ही बेटे व बेटी के साथ नोएडा रहने आई हैं। उनके बच्चे नोएडा के ही उच्च शिक्षण संस्थान में पढ़ाई करते हैं। शीला ने बताया कि 1 जुलाई को उनकी बेटी के मोबाइल पर फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि लकी ड्रॉ इनाम में उनकी टाटा सफारी गाड़ी निकली है।
बेटी ने मां को फोन दे दिया। ठग ने शीला को बताया कि वह झारखंड से बोल रहा है। चाहे तो इनाम की गाड़ी दे दी जाएगी या उसकी कीमत खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी। इसके बाद ठग ने उनकी बात एक कथित बैंक मैनेजर से करवाई। उसने भी इनाम में गाड़ी निकलने की पुष्टि की।
साथ ही, आरोपियों ने व्हाट्स ऐप से बैंक मैनेजर की फोटो और उसकी ब्रांच का पता भी शीला के मोबाइल पर भेज दिया। शीला ने अपने एक परिचित को इस बारे में बताया। उनके परिचित ने भी उस नंबर पर बात की और बताया कि उसे ऑफर देने वाले सही लग रहे हैं।
शीला को भरोसे में लेने के बाद आरोपियों ने 3 व 4 जुलाई को नौ बार में अलग-अलग शहर के चार बैंक खातों में उनसे कुल छह लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। आरोपी हर बार नया बहाना बनाकर उनसे रकम ट्रांसफर करने को कहते थे।
ऐसा न करने पर उनके द्वारा जमा कराई गई रकम डूबने का डर दिखाते थे। आरोपियों ने उन्हें यहां तक झांसा दिया कि वह उन्हें कार की कीमत और उनके द्वारा ट्रांसफर की गई पूरी रकम (कुल 23 लाख रुपये) दो बार में चेक के जरिये उन्हें लौटा देंगे।
अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं
शीला के अनुसार बृहस्पतिवार को भी आरोपियों ने उन्हें सवा एक लाख रुपये ट्रांसफर करने को कहा। इस पर उन्होंने कहा कि अब उनके पास रुपये नहीं हैं। वह इनाम की 50 फीसदी रकम देकर उससे कटौती कर लें। शीला के रुपये देने से इंकार करने और संदेह जताने पर आरोपियों ने कहा कि वह चाहें तो पुलिस से उनकी शिकायत कर सकती हैं। पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर पूरा पैसा दिला देगी। शीला के अनुसार बृहस्पतिवार को उन्होंने 58 थाने में शिकायत की। वहां से उन्हें साइबर क्राइम सेल में शिकायत करने को भेज दिया गया। उन्होंने साइबर क्राइम सेल में भी शिकायत दे दी है। हालांकि अभी उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।