आरोपी गिरफ्तार (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : PTI
ग्रेटर नोएडा स्थित बिसरख कोतवाली क्षेत्र में एसटीएफ की नोएडा यूनिट ने मुठभेड़ के दौरान गाजियाबाद के कपड़ा व्यापारी की हत्या की सुपारी लेने वाले छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपी व्यापारी के बिसरख क्षेत्र से गुजरने की सूचना पर हत्या के इरादे से आए थे। आरोपियों के कब्जे से दो वाहन और हथियार बरामद किए गए हैं। पकड़े गए बदमाशों पर एक दर्जन से अधिक केस दर्ज हैं।
गिरोह का सरगना परिक्षितगढ़ मेरठ का कर्नल गिरी है। उसने अपने साथी सुनील राठी के साथ वर्ष 2011 में रुड़की के जेलर की हत्या की थी। आरोपी गैंगस्टर अनिल दुजाना के संपर्क में है। अन्य बदमाशों की पहचान जहांगीपुर बुलंदशहर के रोहित परमार, हरियाणा फरीदाबाद के श्यामसुंदर, मेरठ किला परिक्षितगढ़ के रोहित, ककोड़ बुलंदशहर के रिंकू भाटी, बुढ़ाना मुजफ्फरनगर के विनोद के रूप में हुई है।
एएसपी एसटीएफ राजकुमार मिश्रा ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि गाजियाबाद के एक कपड़ा व्यापारी की कुछ बदमाशों ने सुपारी ली है। बदमाश व्यापारी के बिसरख क्षेत्र से गुजरने की भनक लगने पर हत्या के इरादे से आए थे। सूचना मिलते ही टीम ने बिसरख कोतवाली पुलिस के साथ बदमाशों की घेराबंदी शुरू की। बदमाशों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों ने पूछताछ सुपारी लेकर हत्या के लिए आने की बात स्वीकार की।
उन्होंने यह भी बताया कि वह वारदात के बाद हिमाचल प्रदेश भागने की योजना बनाकर आए थे लेकिन इससे पहले ही टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। श्यामसुंदर पर हरियाणा में 15 केस दर्ज हैं और रोहित वर्ष 2011 में आगरा से अपहरण के मामले में जेल जा चुका है। कर्नल गिरी दो माह पहले जेल से छूटा था। वह अनिल दुजाना के अलावा बुलंदशहर के बलराम ठाकुर और मुजफ्फरनगर कुरथल के ब्रह्मसिंह के संपर्क में आ गया था।