अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने दक्षिण-पूर्वी दिल्ली से छह अफ्रीकी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक नाइजीरियाई नागरिक भी शामिल है और वह एमडीएमए की सप्लाई और बिक्री में शामिल था।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पूर्व) हेमंत तिवारी ने बताया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान नाइजीरिया निवासी अबोगे किंग्सले अफूम (30) के रूप में हुई है। वह 2024 में मेडिकल वीजा पर भारत आया था, जो अब समाप्त हो चुका है। पुलिस ने उसके पास से 74.90 ग्राम एमडीएमए, 46,200 रुपये नकद और चार मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद मादक पदार्थ की बाजार कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मंगलवार को अमर कॉलोनी स्थित एक मकान पर छापा मारा, जहां अफूम को पकड़ा गया जबकि उसका एक साथी खिड़की से कूदकर फरार हो गया।
पूछताछ के दौरान अफूम ने बताया कि पांच अन्य अफ्रीकी नागरिक भी अमर कॉलोनी क्षेत्र में अवैध रूप से रह रहे थे। इसके बाद पुलिस ने जुलेट आबी नंगया (33), मैग्डलीन न्गेती न्गेके (33), रीटा एनिल्ने अका (26), एजयिका पी. ओन्येडिका (33) और टॉन कम्फर्ट मायरा (21) सभी कैमरून के नागरिक को हिरासत में लिया।
डीसीपी तिवारी ने बताया कि इन सभी की वीजा की अवधि समाप्त हो चुकी थी और वह वैध दस्तावेजों के बिना भारत में रह रहे थे। उन्हें विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) के समक्ष पेश किया गया है, जहां निर्वासन की कार्रवाई जारी है। पुलिस ने बताया कि अफूम के खिलाफ मादक द्रव्य एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। ड्रग नेटवर्क के मुख्य संचालक फरार आरोपी की तलाश जारी है।