मेट्रो में सफर के दौरान अगर आप ट्रेन की फर्श पर बैठते हैं तो आपको मुसीबत का सामना करना पड़ सकता है। मेट्रो की फ्लोर में बैठने पर न सिर्फ मेट्रो का सुरक्षा दस्ता आपको ट्रेन से बाहर कर सकता है बल्कि, आप पर जुर्माना भी लग सकता है।
मेट्रो में बैठने पर अब आप पर 200 रुपये का जुर्माना भी लग सकता है। अक्सर मेट्रो में ज्यादा भीड़ होने पर लोग मेट्रो की फर्श पर ही बैठ जाते हैं जिसे शिष्टाचार के खिलाफ माना जाता है। यही कारण है कि डीएमआरसी ने लोगों की इस आदत पर रोक लगाने का फैसला किया है।
सूत्रों के मुताबिक मेट्रो की पीली लाइन पर शुक्रवार को यात्रा के दौरान मेट्रो सुरक्षाकर्मियों ने जांच के दौरान कुछ लोगों को ट्रेन से उतार दिया। सुरक्षाकर्मियों ने महिला कोच में बैठी कुछ यात्रियों को कई स्टेशनों पर ट्रेन से बाहर कर दिया और कुछ लोगों से 200 रुपये का जुर्माना भी किया।