भारत में पहली बार खुल रहे मैडम तुसाड्स संग्रहालय में बॉलीवुड की मशहूर हस्ती आशा भोंसले का भी नाम भी जुड़ गया है। मंगलवार को खुद आशा भोंसले ने अपने मोम के पुतले का अनावरण किया। इसे दिल्ली के कनॉट प्लेस में खुल रहे संग्रहालय में रखा जाएगा।
आशा भोंसले ने कहा कि इसे देखकर मै हैरान हूं। इतनी बारीकी से बनाया गया है कि इसे देखकर लग रहा है कि मैं आइने के सामने खड़ी हूं। मैडम तुसाड्स संग्रहालय एक दिसंबर को खुल जाएगा।
मैडम तुसाड्स संग्रहालय में आशा भोंसले के मोम के पुतले को बनाने के लिए उनके 150 नाप और फोटोग्राफ को आधार बनाया गया। आशा ने खुद बताया कि सिर्फ आंखों का रंग मिलाने के लिए मैडम तुसाड्स के लोगों ने पूरा एक दिन का समय ले लिया।
वह पुतले में हाथ में माइक लिए गाना गाने वाले पोज में खड़ी है। बताया जा रहा है कि इस पुतले की कीमत करीब 3.5 करोड़ रुपये है। आशा भोंसले ने कहा कि लंदन के मैडम तुसाड्स संग्रहालय देखा है। वह जब पहली बार वहां गई थी तो भारतीयों में सिर्फ इंदिरा गांधी को वहां जगह मिली थी। तब नहीं सोचा था कि कभी मुझे भी इस संग्रहालय में जगह मिलेगी।