कुछ वर्ष पूर्व सामने आया भगवान के दूध पीने जैसा अंधविश्वास का एक मामला रविवार रात हथीन में भी देखने को मिला। यहां सिलबट्टा व आटा पीसने वाली चक्की पर खुद ब खुद निशान बनते जाने का मामला चर्चा का विषय बना रहा।
लोगों में पूरी रात इसी बात की चर्चा रही कि ये निशान अपने आप कैसे आ रहे हैं। कुछ लोगों ने तो सिल बट्टा व आटे की चक्की को अपने घरों से बाहर निकाल पूजा अर्चना भी शुरू कर दी।
रविवार रात करीब 9 बजे हथीन के अलग-अलग वार्डों 3, 4 व 5 नंबर से ‘अमर उजाला’ के पास फोन आए। लोगों ने बताया कि उनकी पत्थर की चक्की पर अपने आप ताजा निशान बन रहे हैं। शहर में यह बात फैलने लगी, लोग एक-दूसरे को फोन करके इस बारे में बताने लगे।