फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अरुण जेटली के चक्कर में गुरु ग्रंथ साहिब का अपमान!

विज्ञापन
विज्ञापन
शिरोमणि अकाली दल (दिल्ली) के यूथ विंग ने पंजाब सरकार के मंत्री व यूथ शिरोमणि अकाली दल (बादल) के प्रधान विक्रम सिंह मजीठिया के खिलाफ जमकर विरोध-प्रदर्शन किया।
विज्ञापन


प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि मजीठिया ने गुरु गोबिंद सिंह की वाणी को तोड़-मरोड़ कर पेश किया है। उनका कहना था कि गोबिंद सिंह द्वारा उच्चारण की गई बाणी सिख पंथ के लिए कुर्बानी के प्रतीक शब्द हैं।

मजीठिया ने गुरबाणी की एक पंक्ति में भाजपा नेता अरुण जेटली का नाम जोड़ गुरु साहिब का अपमान किया है।

दिल्ली के सिखों ने प्रदर्शन किया, पुतले फूंके

शनिवार शाम सिख समुदाय ने दिल्ली के तिलक नगर इलाके में जमकर विरोध प्रदर्शन और चक्का जाम किया। प्रदर्शनकारियों ने टायर भी फूंका।

इस दौरान तिलक नगर इलाके में जाम की समस्या उत्पन्न हो गई। प्रदर्शनकारियों ने मजीठिया, दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी केअध्यक्ष मंजीत सिंह जीके और महासचिव मनजिंदर सिंह सिरसा के पुतले भी फूंके।

इस मौके पर शिरोमणि अकाली दल दिल्ली यूथ विंग के अध्यक्ष दमनदीप सिंह ने कहा कि गुरबाणी में किसी भी तरह का बदलाव करना उचित नहीं है।

मजीठिया पर लगेगी तनखाह!

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी गुरबचन सिंह से अपील की कि बिना देरी गुरु साहिब के संदर्भ में बोले गए वाक्य पर मजीठिया को पंथ से निकालने का ऐलान करें।

प्रदर्शनकारियों ने इस मौके पर कहा कि दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान मंजीत सिंह जीके व महासचिव मनजिंदर सिंह सिरसा भी मजीठिया के साथी हैं।

लिहाजा दोनों भागीदार हैं। अकाल तख्त से यह भी अपील किया है कि गुरु साहिब की तौहीन करने पर मजीठिया को तलब कर तनखाह लगाई जाए।

घबराए मंत्री पहुंचे माफी मांगने

गुरु गोबिंद सिंह द्वारा रचित गुरबाणी के शब्दों को तोड़ मरोड़ कर उसमें अरुण जेटली का नाम दर्ज करने के कारण पंथक विवाद में फंसे कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी गुरबचन सिंह के सामने शनिवार को पेश हुए।

मजीठिया ने अपनी गलती के संबंध में लिखित माफीनामा श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार को सौंप दिया है। ज्ञानी गुरबचन सिंह ने कहा इस माफीनामा से उनको माफी नहीं दी गई है।

पांच सिंह साहिबान अपनी बैठक में जो भी फैसला लेंगे उसी के अनुसार मजीठिया के खिलाफ धार्मिक कार्रवाई की जाएगी।

अनजाने में हुई गलतीः मजीठिया

मजीठिया ने कहा, मैंने बीते दिनों एक चुनाव रैली के दौरान श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की ओर से रचित गुरबाणी में अरुण जेटली का नाम जोड़ कर बोलने की हुई गलती की सार्वजनिक रूप में माफी मांग ली है।

अगर सिख धर्म में विश्वास रखने वाले, गुरु ग्रंथ साहिब का पाठ करने वाले, नानक नाम लेवा संगत को मेरी उक्त कही हुई बात बुरी लगी है तो मैं इसकी माफी मांगता हूं। यह गलती मुझसे अनजाने में हो गई है।

मजीठिया ने कहा कि मेरा किसी की भी भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कोई भी मकसद नहीं था। मैं सिख धर्म में विश्वास रखता हूं। आशा करता हूं कि मेरी इस गलती की मुझे माफी दी जाएगी।
विज्ञापन

प्रदर्शन से मेट्रो की बिगड़ी हालत

सिखों के प्रदर्शन का असर दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन पर भी पड़ा। पुलिस के निर्देश पर मेट्रो प्रबंधन ने जनकपुरी ईस्ट और तिलक नगर मेट्रो स्टेशन पौने दो घंटे बंद रखे।

डीएमआरसी प्रवक्ता के मुताबिक, पुलिस के निर्देश पर जनकपुरी ईस्ट और तिलक नगर मेट्रो स्टेशन के कुछ गेट शाम सवा चार बजे से छह बजे के बीच बंद रहे। इस दौरान ब्लू लाइन पर द्वारका सेक्टर 21 से नोएडा सिटी सेंटर/वैशाली और वैशाली/नोएडा सिटी सेंटर से द्वारका सेक्टर 21 के बीच चलने वाली ट्रेन सामान्य चलती रहीं।

जनकपुरी ईस्ट के दो गेट में से एक गेट बंद रखा गया और तिलक नगर के पांच गेट में से तीन गेट बंद रहे। हालांकि यात्रियों को परेशानी से बचाने के लिए दोनों स्टेशन पर तीन गेट खुले रखे गए।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें