गाजियाबाद की जीएसटी विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा (एसआईबी) की टीम ने सोमवार को नगर के मेरठ रोड पर दीवान पब्लिक स्कूल के सामने गोल्डन ट्रेनिंग कंपनी (पटाखा ट्रेडिंग) और अन्य जगहों पर एक साथ छापा मारा। टीम की कार्रवाई से अफरा-तफरी मच गई। अधिकारियों की टीम ने कंपनी के दस्तावेज खंगाले हैं। प्रथम दृष्टया करीब 50 लाख रुपये की जीएसटी चोरी की आशंका अधिकारियों ने जताई है। अधिकारियों के बुलाने पर भी कंपनी के स्वामी मौके पर नहीं पहुंचे।
एसआईबी टीम के डिप्टी कमिश्नर बीके दीपांकर व वंदना सिंह ने बताया कि 25 सदस्यीय अधिकारियों की टीम शाम करीब साढ़े पांच बजे नगर में पहुंची। टीम ने कंपनी के कार्यालय और संचालक के पास की गली में स्थित मकान को घेर लिया। जिस समय अधिकारियों की टीम ने छापा मारा उस समय कार्यालय खुला था और उसमें कर्मचारी मौजूद थे, लेकिन कंपनी स्वामी मौजूद नहीं थे। इस पर टीम में शामिल अधिकारी ने स्वामी अतुल चौकड़ायत को फोन कर मौके पर आने को कहा, लेकिन रात करीब साढ़े नौ बजे तक भी संचालक मौके पर नहीं पहुंचे। हालांकि, टीम में शामिल अधिकारियों ने दस्तावेज खुलवाकर जरूर देखे हैं।
टीम की कार्रवाई हापुड़ के अलावा गाजियाबाद के भोजपुर स्थित क्षेत्र में भी चल रही है। बीके दीपांकर ने बताया कि कंपनी के संचालक जो रिटर्न दाखिल कर रहे हैं, उसमें गड़बड़ी की आशंका है। रिटर्न में कैश के फ्लो आदि में गड़बड़ी की जांच टीम करने आई थी, लेकिन स्वामी के न आने से आशंका और गहरा गई है। रात साढ़े नौ बजे समाचार लिखे जाने तक भी कंपनी के स्वामी मौके पर नहीं पहुंचे थे। जिसके बाद टीम ने कार्यालय को सील करने की चेतावनी दी।
लंबे समय से रखी जा रही थी नजर
लंबे समय से कंपनी के बैंक खातों और ट्रांसपाेर्ट व अन्य कार्यों पर नजर रखी जा रही थी। रात तक अधिकारियों की जांच की कार्रवाई जारी रही। हालांकि, कुछ भी जब्त करने और सीज करने की जानकारी अधिकारियों ने अभी जारी नहीं की है। कार्रवाई में पूरी रात भी लग सकती है।
छापे की सूचना पर पहुंचे कई उद्यमी
छापे की सूचना मिलते ही नगर से कई उद्यमी व व्यापारी कंपनी के कार्यालय पर पहुंच गए। जहां कुछ उद्यमियों ने अधिकारियों से दिवाली पर इस प्रकार की कार्रवाई न करने की बात कही।