अभद्र डांस और बदतमीजी पर उतरे बारातियों को लड़कीवालों ने शांत करना चाहा तो बात बिगड़ गई। नाच गाने में खलल पड़ने से गुस्साए चार पांच बाराती लड़की वालों के घर में घुस कर गाली गलौज करने लगे। समझाने-बुझाने को आगे आए तो लड़की के भाई पर हुड़दंगियों ने गोली चला दी और मारपीट की। दोनों पक्षों के बड़े बूढ़ों ने बीच में पड़कर मामला शांत कराया और शादी संपन्न हुई। पीड़ित ने चार हुड़दंगी बारातियों के खिलाफ जानलेवा हमला करने का केस दर्ज कराया है।
गाजीपुर निवासी विजय भड़ाना की शादी मदनपुर खादर के युवक से तय हुई थी। विवाह शनिवार को होना था। शनिवार शाम बारात आई। उसमें लड़के वालों की ओर से नीमका निवासी नरेश बिधूड़ी, नीमका निवासी जेपी और अन्य बाराती थे। यह सभी लड़की वालों के घर के सामने अभद्र डांस और बदतमीजी करने लगे। मुहूर्त में देर होने पर लड़की वालों ने डीजे बैंड वालों को गाने बंद करने को कहा ताकि मांगलिक कार्य किए जा सकें।
इस पर डांस कर रहे बाराती नाराज हो गए। उन्होंने लड़की पक्ष के लोगों से गाली-गलौज शुरू कर दी। मामला शांत करने के लिए दुल्हन का भाई दीपक भड़ाना आगे आया। गुस्साए नरेश बिधूड़ी, जेपी और उनके साथ तीन अन्य बारातियों ने दीपक पर गोली चला दी। निशाना चूक जाने से दीपक बाल-बाल बच गया। इसके बाद सबने मिलकर उसे पीट दिया। बाराती होने की वजह से लड़की वाले बचाव करते रहे।
आरोपी मारपीट कर भाग निकले। घायल दीपक को निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिलाया गया। उधर माहौल बिगड़ने पर दोनों पक्ष के बुजुर्ग जुटे और हमलावरों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराए जाने की बात पर सहमति के बाद रस्में निभा विवाह संपन्न कराया गया। एसएचओ सारन ने बताया कि दीपक भड़ाना की शिकायत पर नरेश, जेपी और तीन अन्य के खिलाफ जानलेवा हमला, मारपीट करने का केस दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।