फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

2.25 लाख चुकाने से बचने के लिए खुद को मारी गोली

Mon, 26 Aug 2019 06:52 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
विज्ञापन
demo pic
विज्ञापन
अमर कॉलोनी इलाके में पीजी के कारोबार में नुकसान होने के बाद एक युवक मकान मालिक को किराए के 2.25 लाख रुपये नहीं चुका पाया। उसने खुद ही अपने कंधे और जांघ में गोली मारी और पीसीआर को कॉल करके कहा कि गोली मकान मालिक ने मारी है। 
विज्ञापन


पुलिस ने छानबीन शुरू की तो वह इलाज के दौरान ही सफदरजंग अस्पताल से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी हरियाणा में गुरुग्राम के गांव भोंडसी निवासी सुमित भड़ाना (22) और इसके छोटे भाई नवीन भड़ाना (20) को गिरफ्तार कर लिया है। इनसे वारदात में इस्तेमाल पिस्टल व खोखे भी बरामद हो गए हैं।

दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस उपायुक्त चिन्मय बिश्वाल ने बताया कि 22 अगस्त की शाम करीब 5:00 बजे अमर कॉलोनी थाने को एक युवक को गोली मारने की सूचना मिली। पुलिस को पता चला कि घायल सुमित को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया है। पूछताछ में सुमित भड़ाना ने बताया कि उसने वरुण जुनेजा उर्फ विक्की से एक बिल्डिंग किराए पर ली हुई है। 
विज्ञापन


बिल्डिंग में वह पीजी चलाता है। नुकसान होने के कारण वह करीब छह माह से किराया नहीं चुका पाया है। इसे लेकर विवाद हुआ और मकान मालिक ने गोली मार दी। पुलिस ने वरुण से पूछताछ की तो उसने आरोपों से इनकार किया और सुमित पर ही शक जताया। 

जांच में सुमित के आरोपों में विरोधाभास मिला। उससे पूछताछ हुई तो वह डॉक्टरों को सूचना दिए बिना सफदरजंग अस्पताल से फरार हो गया। पुलिस ने छानबीन के बाद उसे शास्त्री नगर में उसकी बहन के घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके भाई नवीन को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल पिस्टल व स्कूटी बरामद कर ली।

मकान मालिक को बहाने से बुलाया
सुमित ने मकान मालिक वरुण को फंसाने के लिए वारदात से दस दिन पूर्व अपने एक दोस्त के जरिये राजस्थान से पिस्टल का इंतजाम किया। घटना वाले दिन आरोपी ने वरुण को किराया देने के बहाने घर बुलाया। घर पर उसने वरुण से बहाना बनाकर शाम को आकर किराया लेने को कहा। उसके जाने के बाद सुमित ने खुद ही अपनी जांघ और कंधे में गोली मार ली। इसके बाद उसने अपने भाई को बुलाकर सारी बात बताई और पिस्टल को अपनी स्कूटी में छिपाने के लिए कहा। सुमित अपने दोस्त की मदद से अस्पताल पहुंचा, लेकिन उसकी पोल खुल गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें