-अस्पताल में कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली कई अहम दवाएं उपलब्ध
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। दिल्ली राज्य कैंसर संस्थान में इलाज कराने वाले मरीजों के लिए राहत और चिंता दोनों की स्थिति है। अस्पताल की आवश्यक दवा सूची में शामिल 178 दवाओं में से 136 दवाएं यानी करीब 76.40 फीसदी उपलब्ध हैं, जबकि 42 जरूरी दवाएं फिलहाल स्टॉक में नहीं हैं। अस्पताल में कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली कई अहम दवाएं उपलब्ध हैं। इनमें पैक्लिटैक्सेल, सिस्प्लाटिन, डोक्सोरूबिसिन, ट्रैस्टुजुमाब और गेसिटाबाइन शामिल हैं। इसके अलावा रोजाना प्रयोग होने वाली पैरासिटामोल, डिक्लोफेनाक, एम्लोडिपिन, एमोक्सिसिलिन, सेफ्ट्रिएक्सोन, इंसुलिन और ओआरएस जैसी दवाएं शामिल हैं।
अस्पताल में 42 जरूरी दवाएं उपलब्ध नहीं हैं। इनमें चोट लगने पर इस्तेमाल होने वाला टिटनेस का इंजेक्शन भी शामिल है। इसके अलावा डायबिटीज की दवा मेटफॉर्मिन 500 एमजी और थायरॉइड की दवा थायरॉक्सिन 25 एमजी भी स्टॉक में नहीं है। खून से जुड़ी कुछ जरूरी दवाओं की भी कमी बताई गई है। इनमें एस्पिरिन 75 एमजी, एपिक्साबैन, विटामिन के और आयरन सिरप शामिल हैं। इसके साथ ही कैंसर के कुछ उन्नत इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाएं, जैसे ओलापारिब, ओसिमर्टिनिब और पलबोसिक्लिब भी फिलहाल उपलब्ध नहीं हैं।