-अंतिम दिनों में बढ़ी मेले की रौनक, स्टॉलों पर खरीदारी और खानपान के लिए लगी रही लोगों की भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। भारत मंडपम में चल रहे 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में दर्शकों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। मेले के समापन से एक दिन पहले बृहस्पतिवार को करीब 86 हजार दर्शक पहुंचे। सुबह से ही भारत मंडपम के प्रवेश द्वारों पर लोगों की आवाजाही शुरू हो गई थी। दिन चढ़ने के साथ ही मेले के विभिन्न हॉल और पवेलियन में भीड़ बढ़ती गई। खासकर खरीदारी, खानपान और अलग-अलग राज्यों के उत्पादों वाले स्टॉल पर लोगों की अधिक आवाजाही देखने को मिली।
मेले में पहुंचे लोगों ने जहां घरेलू उत्पादों, कपड़ों, हस्तशिल्प और सजावटी सामान की खरीदारी की, वहीं विदेशी पवेलियन में भी लोगों ने विभिन्न देशों के उत्पादों में दिलचस्पी दिखाई। कई स्टॉल पर ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए विशेष छूट और ऑफर भी दिए जा रहे हैं। इससे खरीदारी का उत्साह बना है।
फुटफॉल के आंकड़ों पर नजर डालें तो 22 नवंबर को करीब 1.20 लाख और 23 नवंबर को 80 हजार दर्शक पहुंचे थे। 24 नवंबर को यह संख्या करीब 1.25 लाख रही, जबकि 25 नवंबर को लगभग 78 हजार दर्शक पहुंचे थे। बृहस्पतिवार को करीब 86 हजार दर्शकों की मौजूदगी रही। इस तरह पिछले दिन के मुकाबले दर्शकों की संख्या में करीब 10.3 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। शुक्रवार को मेले का अंतिम दिन है। ऐसे में उम्मीद है कि आखिरी दिन भी बड़ी संख्या में लोग मेले में पहुंचकर खरीदारी और विभिन्न राज्यों की संस्कृति का अनुभव लेना चाहेंगे।