शाहदरा जिले के फर्श बाजार इलाके में रविवार देर रात सिगरेट देने से मना करने पर एक युवक ने बुजुर्ग के पेट में चाकू मार दिया। गंभीर हालत में जय प्रकाश गुप्ता (64) को डॉ. हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने पीड़ित के बयान पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक जय प्रकाश गुप्ता परिवार के साथ तिकोना पार्क, ज्वाला नगर में रहते हैं। वह ज्वाला नगर चौक के पास अपनी दुकान चलाते हैं। जय प्रकाश के बेटे प्रशांत गुप्ता ने बताया कि उनकी दुकान के सामने एक रेस्तरां हैं।
रात करीब 10 बजे जय प्रकाश दुकान बंद रहे थे। इसी दौरान सामने वाले रेस्तरां से एक युवक उनकी दुकान पर सिगरेट लेने पहुंच गया। जय प्रकाश ने दुकान बंद करने के कारण युवक को सिगरेट देने से मना किया तो आरोपी ने चाकू निकालकर जय प्रकाश के पेट में घोंप दिया।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। शोर शराबा सुनकर राहगीरों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस रेस्तरां व आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की तलाश करने का प्रयास कर रही है।