डॉ. हर्षवर्धन
- फोटो : Amar Ujala
केंद्रीय मंत्री और चांदनी चौक सीट से भाजपा प्रत्याशी डॉ. हर्षवर्धन का कहना है कि साल 2014 में मोदी मैजिक चला था तो अब सुपर मैजिक चल रहा है। इसी मैजिक में महागठबंधन की दलीलें देने वाली पार्टियां और उनके नेता पस्त हो जाएंगे। सोमवार को दिल्ली भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद महागठबंधन की थ्योरी समाप्त हो जाएगी। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना जाति से ऊपर उठकर पूरे देश में लागू की गई, लेकिन केजरीवाल ने दिल्ली में राजनीतिक द्वेष के कारण योजना लागू नहीं की।
डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि केजरीवाल ने साढ़े चार साल तक अधिकारियों से मारपीट करते रहे हैं और प्रधानमंत्री को अमर्यादित शब्द बोलते रहे। दिल्ली के विकास का कोई काम नहीं किया। इसलिए मुद्दों से हटकर दिल्ली के पूर्ण राज्य के दर्जे का राग अलाप रहे हैं। डॉ. हर्षवर्धन ने सवाल भी किया कि जब केजरीवाल को वादे पूरे ही नहीं करने थे तो वादे किए क्यों? कुछ लोग भ्रम फैला रहे हैं कि व्यापारी भाजपा से नाराज हैं। जबकि सच्चाई यह है कि आज तक व्यापारियों के लिए मोदी सरकार ने जो किया वैसा किसी अन्य सरकारों ने नहीं किया। व्यापारियों की समस्याओं को जानने और उसे दूर करने के लिए व्यापारी आयोग बनाने के अलावा छोटे व्यापारियों को पेंशन देने जैसे बदलाव अब तक नहीं हुए हैं।
उन्होंने कहा कि सीएम केजरीवाल आचार संहिता का उल्लंघन करने वाले हर हथकंडे अपना रहे हैं, लेकिन सच यही है कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच दूसरे नंबर पर आने की जद्दोजहद चल रही है।