नरेला इलाके में लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने दुकानदार की चाकू गोदकर हत्या कर दी। घटना के समय दुकानदार दुकान बंद करने के बाद ट्रेन पकड़ने के लिए नरेला रेलवे स्टेशन जा रहे थे। दुकानदार के साथ जा रहे एक अन्य दुकान पर काम करने वाले कर्मचारी ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। घायल दुकानदार को पास के अस्पताल में ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सब्जी मंडी रेलवे थाना पुलिस ने लूटपाट और हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
रविवार रात करीब 10.28 बजे पुलिस को राजा हरिश्चंद्र अस्पताल से नरेला रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पर एक दुकानदार को चाकू मारे जाने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही सब्जी मंडी रेलवे थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची। जहां पुलिस को पता चला कि दुकानदार प्रवीण (53) को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है। अस्पताल में पुलिस को एक चश्मदीद गवाह सलीम मिला। उसने बताया कि वह मूलत: सोनीपत हरियाणा का रहने वाला है। वह बवाना गांव की मेन मार्केट में गिफ्ट की दुकान करने वाले बलदेव के पास काम करता है। इसी मार्केट में प्रवीण की कपड़े की दुकान है। प्रवीण भी सोनीपत हरियाणा का रहने वाले थे। दोनों सुबह में पैसेंजर ट्रेन से सोनीपत से नरेला रेलवे स्टेशन आते थे और फिर पैदल ही दुकान पर आते थे।
रात में भी दुकान बंद करने के बाद दोनों ट्रैक के किनारे पैदल ही चलकर नरेला स्टेशन जाते थे और वहां से सोनीपत के लिए ट्रेन पकड़ते थे। रविवार रात को भी दोनों नरेला स्टेशन जा रहे थे। सलीम ने बताया कि वह कुछ दूर चलने के बाद लघुशंका करने लगा। जबकि प्रवीण ट्रैक पर खड़े थे। इसी दौरान दो युवक तेजी से प्रवीण के पास पहुंचे और उनके कंधे से बैग छीनने लगे। प्रवीण उनसे भिड़ गए। इसी दौरान एक बदमाश ने प्रवीण को पीछे से पकड़ लिया और दूसरे बदमाश ने उनपर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। सलीम के शोर मचाने पर बदमाश बैग लूटकर फरार हो गए।