गांधीनगर इलाके में सड़क के किनारे लघुशंका करने पर पड़ोस के दुकानदार ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक दुकानदार की पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान अपने छोटे भाई के बचाव के लिए पहुंचे युवक पर हमलावरों ने हाकी से हमला कर उसके पैर की हड्डी तोड़ दी।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल भाइयों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामला दर्ज कर दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
घायल भाइयों की पहचान कैशर सिंह और राहुल के रूप में हुई है। कैशर सिंह सपरिवार गोकलपुरी इलाके में रहते हैं। गांधी नगर पुश्ता रोड पर उनकी दुकान है। उनके साथ उनका छोटा भाई राहुल भी काम करता है। बृहस्पतिवार को राहुल अपनी दुकान से कुछ दूरी पर सड़क के किनारे लघुशंका कर रहा था। पीड़ितों का आरोप है कि पड़ोस में दुकान करने वाला सुरेंद्र यह देखकर अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा। उनलोगों ने राहुल की पिटाई शुरू कर दी।
राहुल किसी तरह से वहां से भागकर अपनी दुकान पर पहुंचा। उसके बाद दोनों भाई दुकान बंद कर अपनी स्कूटी से जाने लगे। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें रोक लिया और हाकी से पिटाई कर दी। पुलिस ने मामले पर कार्रवाई करते हुए आरोपी सुरेंद्र और देवेंद्र कुमार को हिरासत में ले लिया है और मामले की छानबीन कर रही है।