दूसरी तरफ हरीनगर पुलिस ने जेल रोड पर स्थित ओउम स्वीट्स पर हुई फायरिंग मामले में भौंडसी जेल में बंद व कौशल के खास गैंगस्टर नवीन के भाई समेत दो को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि पश्चिमी जिला पुलिस ने गिरफ्तारी को लेकर देर रात तक इसका खुलासा नहीं किया था।
दोनों की गिरफ्तार वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक की पहचान के आधार पर हुई है। फुटेज में बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर आने के बाद पता लगा कि बाइक रोहिणी के रहने वाले भोला की है। भोला ने ये बाइक एक सटोरिए के पास गिरवी रखी थी। इसके बाद ये बाइक नवीन के भाई के पास पहुंच गई थी।
दोनों वारदातों में दो शूटर एक ही हैं-
कौशल गिरोह के शूटरों ने सबसे पहले हरी नगर में स्थित ओउम स्वीट्स पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। शूटर दुकान के अंदर तक गए थे। यहां पर बदमाश फायरिंग के बाद चिट्टी छोड़कर गए थे और उसमें एक करोड़ की रंगदारी मांगी थी। यहां पर दो बदमाश आए थे। वसंतकुंज में कौशल गिरोह के शूटरों ने कार डीलर सतेन्द्र के शोरूम में फायरिंग की थी। यहां पर तीन बदमाश आए थे। यहां पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर एक करोड़ की रंगदारी मांगी है। दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों की वारदातों में दो शूटर एक ही है। दोनों की वारदातों में अलग-अलग बाइकों को इस्तेमाल किया गया है। वसंतकुंज पुलिस को अभी तक इस्तेमाल की गई बाइक का सुराग हाथ नहीं लगा है।
कौशल से कई गिरोहों ने हाथ मिलाया-
दिल्ली पुलिस अधिकारियों के अनुसार कौशल पहले थाइलैंड से अपना गिरोह चला रहा था। हरियाणा में कौशल व उसके साथियों के खिलाफ काफी मामले दर्ज हैं। गुरुग्राम में हत्या के मामले में कौशल को उम्रकैद की सजा हो रखी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जठेडी गांव, सोनीपत का काला जठेड़ी, सोनीपत राजू बसोदी, सोनीपत का अक्षय, पंजाब का लारेंस, अलीगढ़, दिल्ली का जितेन्द्र गोगी और हरियाणा का संपत आदि गिरोह मिले हुए हैं।