दिल्ली पुलिस सूत्रों का कहना है कि एहतियात के तौर पर पुलिस ने हरियाणा के जिला जींद स्थित कंदेला गांव के सरपंच और राजेश के कुछ रिश्तेदारों को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए खबर कर दी है।
मंगलवार सुबह ही पता चल पाएगा कि राजेश भारती के शव का दावा करने उसका भाई या कोई रिश्तेदार आया या नहीं। मुठभेड़ में मारे गए बाकी बदमाशों के परिजन सोमवार को एम्स अस्पताल की मोर्चरी पहुंचे लेकिन पोस्टमार्टम न हो पाने के कारण उनके हाथ निराशा ही लगी।
मुठभेड़ में मारे गए बदमाश विरेश राणा के चाचा जयबीर ने बताया कि उनको विरेश के बारे में ज्यादा नहीं पता था। विरेश ने बताया हुआ था कि वह ड्राइवर है। हर महीने वह 10 हजार रुपये भी घर भेजता था।
वहीं, संजीत बिदरो के भाई साहिल ने बताया कि परिजनों ने उसे परिवार से बेदखल किया हुआ था। इसके लिए उन्होंने अखबार में विज्ञापन दिया हुआ था। इसके अलावा परिवार का कोई भी सदस्य उसका शव लेने दिल्ली नहीं आया।
मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मंगलवार को सभी चारों बदमाशों का शव पोस्टमार्टम के बाद सौंप देंगे। स्पेशल सेल के अलावा दक्षिण जिला पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की छानबीन के लिए कुछ टीमों को हरियाणा व जयपुर भेजा जाएगा।