खजूरी खास इलाके में शनिवार रात बाइक सवार बदमाशों ने केबल टीवी के दफ्तर पर गोलियां बरसा दीं। वारदात के दौरान बदमाशों ने दफ्तर में मौजूद तीन लोगों को बुरी तरह पीटा। बाद में आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
हमले की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल अजय, सुरजीत और रोहित को जग प्रवेश चंद अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस को घटना स्थल से एक खोखा बरामद हुआ है।
पुलिस मामला दर्ज कर वारदात के वीडियो से छानबीन कर रही है। पीड़ित ललित कुमार उर्फ सोनू ने बताया कि वह परिवार के साथ खजूरी खास के सोनिया विहार गली नंबर-12 में रहता है। गली नंबर-15 में उसका केबल टीवी का दफ्तर है। शनिवार को वह अपने दफ्तर के बाहर खड़ा था।
अंदर उसके चाचा अजय, सुरजीत और ललित का भांजा रोहित मौजूद थे। इसी दौरान बाइक सवार चार युवक वहां पहुंचे। ललित के मुताबिक वह तीन युवक सुमित, नितिन और मोहित को पहले से जानता था।
आते इन लोगों ने दफ्तर पर गोली चला दी। ललित छत के ऊपर पहुंचा और आरोपियों का वीडियो बनाने लगा। आरोपियों ने अजय, सुरजीत और रोहित की पिटाई शुरू कर दी।