हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 12वीं में कला संकाय में 98.8 फीसदी अंक के साथ प्रदेश टॉप करने की रणनीति में शिवानी वत्स ने सोशल मीडिया का सही इस्तेमाल कर यह स्थान हासिल किया है। शिवानी ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से विषयवार मॉक टेस्ट, विषय विशेष की अवधारणा समझी। साथ ही तनाव दूर करने के लिए सोशल मीडिया का निर्धारित इस्तेमाल भी किया।
शिवानी एसडी मेमोरियल स्कूल की छात्रा हैं। शिवानी ने अंग्रेजी और इतिहास में शत प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। हिंदी में 98, राजनीति विज्ञान में 97 और गणित में 99 अंक हासिल किए हैं। पनहेड़ा खुर्द निवासी शिवानी का कहना है कि उन्होंने सोशल मीडिया में आधे से एक घंटे हर दिन इस्तेमाल करना सुनिश्चित किया।
साथ ही राजनीति विज्ञान और इतिहास के प्रश्नों का जवाब ज्वलंत मुद्दे से जोड़कर दिया। इसके लिए हर दिन खबरों से ही वास्ता रखा। शिवानी ने बताया कि वह आईएएस बनना चाहती हैं। देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में शुमार सिविल सर्विस परीक्षा की तैयारी भी स्कूल स्तर से ही कर रही हैं। इसके लिए शब्दों के सटीक अर्थ, प्रश्नों की सही समझ भी सुनिश्चित की।
शिवानी ने 10वीं में 96 फीसदी अंक हासिल किए थे। शिवानी राजनीति में भी रुचि रखती हैं। मौजूदा राजनेताओं में नरेंद्र मोदी से प्रभावित हैं। स्थानीय या राज्य स्तर पर किसी भी नेता के विचार उन्हें प्रभावित नहीं करते। शिवानी के टॉपर होने की बात सुनकर पिता बाबूराम बेहद खुश हुए। उनका कहना है कि दो बेटों के बीच शिवानी उनकी लाडली हैं। मां कमलेश गृहणी हैं जिन्हें बेटी की कामयाबी पर गर्व है।