कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर युवक को बेहोश करने के बाद उसे किन्नर बना दिया गया। बाद में कार में डालकर किन्नर उसे निवाड़ी रोड पर फेंक गए। पीड़ित युवक किन्नरों के साथ ढोलक बजाता था।
बुधवार शाम हुई घटना के दौरान वह उधारी के अपने 20 हजार रुपये मांगने गया था। पुलिस ने उसे निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से मेरठ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पांच किन्नरों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर तीन को गिरफ्तार किया है।
बेगमाबाद गांव निवासी एक युवक किन्नरों के साथ ढोलक बजाता था। एसएचओ भोजपुर डालचंद के मुताबिक, युवक के बेगमाबाद गांव निवासी किन्नर मुस्कान और मुमताज पर 20 हजार रुपये उधार थे।
किन्नरों ने उसे रुपये देने के लिए भोजपुर बुलाया और कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इससे वह बेहोश हो गया। देर रात होश में आने पर उसने खुद को निवाड़ी रोड पर लहूलुहान हालत में पड़ा पाया।
किन्नरों ने उसका प्राइवेट पार्ट काट लिया था। उसने पुलिस जिप्सी देख शोर मचा दिया। पुलिस ने युवक को अस्पताल पहुंचाया जहां से मेरठ के सुभारती अस्पताल रेफर कर दिया गया।
युवक की तहरीर पर किन्नर मुमताज, मुस्कान, बाला और सहयोगी साजिद, आबिद के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है। मुमताज, मुस्कान और साजिद को गिरफ्तार कर लिया है।
सीओ जगतराम जोशी ने बताया कि किन्नर मुमताज पूर्व में भी एक युवक को नपुंसक बनाने में जेल जा चुकी है। पीडि़त तीन बच्चों का पिता है।