व्यापारियों को संबोधित करतीं हुई शीला दीक्षित
- फोटो : अमर उजाला
पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने कहा है कि केंद्र में अगर कांग्रेस की सरकार आई तो देश में जीएसटी दरें धड़ाम से नीचे गिरेंगी। साथ ही बैंक कर्ज में व्यापारियों को राहत दी जाएगी। शुक्रवार को दिल्ली स्टेट ट्रेडर्स कांग्रेस के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जिस जीएसटी का रुप तैयार किया था, उसे मोदी सरकार ने तोड़-मरोड़ कर लागू किया। उन्होंने कहा कि जीएसटी की उच्च दरों ने व्यापारियों की कमर तोड़ कर रख दी।
चर्चा के दौरान उन्होंने यहां तक दावा कर दिया है कि लोकसभा के अलावा अगले वर्ष दिल्ली के विधानसभा चुनावों में भी कांग्रेस की जीत होगी और व्यापारियों को राहत दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने जीएसटी के कांग्रेस सरकार के प्रारूप में बदलाव करके उसको 28 प्रतिशत तक जीएसटी की दरें तय करके लागू कीं। कांग्रेस की सरकार बनने पर जीएसटी की दरें कम की जाएंगी।
साथ ही राज्य वित्त निगमों को पुर्नजीवित किया जाएगा। ताकि व्यापारियों की आर्थिक मदद हो सके। उन्होंने कहा कि दिल्ली में सीलिंग से भी व्यापारी परेशान हैं लेकिन आम आदमी पार्टी व भाजपा ने सीलिंग से राहत देने के लिए कोई रास्ता नहीं निकाल रही। जबकि सीलिंग की मार ने हजारों व्यापारियों को बर्बाद कर दिया है।