सिविल सर्विस की तैयारी कर रही एक युवती ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को सुइसाइड नोट नहीं मिला है। सेक्टर-20 पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक मूलरूप से मथुरा के राया निवासी दिव्या वर्मा (21) भाई भास्कर वर्मा के साथ सेक्टर-15 के ई-14 में किराये पर रहती थी। दिव्या के पिता ज्वेलर हैं और उनकी दुकान मथुरा में ही है।
युवती यहां सिविल सर्विस की तैयारी कर रही थी। वह एक निजी सेंटर पर कोचिंग भी करती थी, जबकि उसका भाई भास्कर निजी कंपनी में इंजीनियर है। सोमवार को भाई ऑफिस गया था।
घर पर दिव्या अकेली थी। शाम 6 बजे जब भाई ऑफिस से लौटा तो अंदर से दरवाजा बंद था। उसने आवाज लगाई, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। उसने खिड़की से देखा तो दिव्या पंखे से रस्सी से लटकी हुई थी।
भाई ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव पंखे से नीचे उतारा। पुलिस ने युवती के घर वालों को मामले की जानकारी दे दी है।
पुलिस युवती के भाई से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं लग सका है।