आम आदमी पार्टी में चल रहे घमासान से परेशान अरविंद केजरीवाल ने 28 मार्च को होने वाली पीएसी की मीटिंग तक इंतजार न करने का फैसला किया है।
केजरीवाल ने बुधवार शाम को दिल्ली स्थित मुख्यमंत्री आवास पर पीएसी की मीटिंग बुलाई है। माना जा रहा है कि 28 मार्च को होने वाली मीटिंग से पहले मीडिया में आ रही खबरों से परेशान केजरीवाल ने पहले ही इस मामले में कोई ठोस कदम उठाने का मन बना लिया है।
बता दें कि 28 मार्च को आम आदमी पार्टी के राजनतिक मामलों की समिति की बैठक बुलाई गई है। पीएसी की बैठक से महज दो दिन पहले अशोक तलवार की लिखी चिट्ठी के सार्वजनिक होने से एक बार फिर पार्टी की अंदरूनी कलह सार्वजनिक हो गई है।
आप में फूटा एक और लेटर बम
इससे पहले आम आदमी पार्टी में चल रहे आंतरिक खींचतान को सुलझाने के लिए 28 मार्च को बुलाई गई बैठक के पहले ही एक और लेटर बम ने पार्टी की मुसीबत बढ़ा दी है।
आम आदमी पार्टी की पंजाब इकाई के नेता और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य अशोक तलवार ने अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि पार्टी के कुछ नेता अरविंद केजरीवाल के खिलाफ साजिश रचने के लिए लॉबिंग कर रहे हैं।
अशोक ने अपने पत्र में लिखा है कि कुछ लोग 28 मार्च को होने वाली मीटिंग से पहले एक बैठक बुला रहे हैं। खुद उनके पास भी लगातार इन लोगों के फोन और मैसेज आ रहे हैं।
अशोक का कहना है कि फोन करने वालों ने उन्हें यह भी बताया है कि 124 से ज्यादा लोगों ने इस मीटिंग में आने के लिए अपनी सहमति भी दे दी है।
एडमिरल रामदास करेंगे आखिरी कोशिश
खबरों की मानें तो इस मीटिंग को बुलाए जाने के बारे में शांति भूषण का नाम सामने आ रहा है। हालांकि पार्टी के किसी सदस्य ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
इस बीच पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक शांति भूषण ने बुधवार को सफाई दी कि उन्होंने कोई मीटिंग नहीं बुलाई है। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व पत्रकार आशुतोष ने भी इस बात की पुष्टि की है कि 28 से पहले एक मीटिंग बुलाए जाने की खबरें उन्हें भी मिली हैं।
इन सबके बीच आम आदमी पार्टी के आंतरकि लोकपाल एडमिरल एल रामदास के बुधवार दिल्ली पहुंचने की संभावना है। माना जा रहा है कि यहां वह अरविंद केजरीवाल, प्रशांत भूषण और योगेंद्र यादव से मिल कर 28 मार्च को होने वाली मीटिंग से पहले पार्टी में बढ़ रहें आंतरिक असंतोष को कम करने की आखिरी कोशिश करेंगे।