शाहबेरी में बिल्डरों ने वर्ष 2017 में प्रोजेक्ट पंजीकृत कराए थे, लेकिन पंजीकरण में स्वीकृत मानचित्र, बिल्डिंग प्लान समेत अन्य जरूरी कागजात प्रस्तुत नहीं किए थे। अब यूपी रेरा ने पंजीकरण रद्द करने से पहले ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ को पत्र भेजकर पंजीकृत प्रोजेक्टों के मानचित्र पर स्थिति स्पष्ट करने का जवाब मांगा है। तीन दिन के अंदर प्राधिकरण को जवाब देना होगा। उसके बाद रेरा प्रोजेक्टों का पंजीकरण रद्द कर वेबसाइट से हटाएगा।
हाईकोर्ट से जमीन का अधिग्रहण रद्द होने के बाद शाहबेरी में भू-माफिया सक्रिय हो गए थे। किसानों से जमीन खरीदकर बहुमंजिला इमारतें खड़ी कर दीं, लेकिन प्राधिकरण से निर्माण की अनुमति भी नहीं ली। जबकि प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में निर्माण की अनुमति लेनी जरूरी है। उसके बाद बिल्डरों ने शाहबेरी के अपने प्रोजेक्टों को यूपी रेरा में पंजीकृत करा दिया।
रेरा के अफसरों ने बताया कि शाहबेरी के प्रोजेक्टों को जुलाई-अगस्त, 2017 में पंजीकृत कराया गया था। उस समय रेरा ने वेबसाइट शुरू की थी और उस पर सभी बिल्डरों से प्रोजेक्ट पंजीकृत करने को कहा गया था। शाहबेरी के बिल्डरों ने भी इसका फायदा उठाया, लेकिन इन बिल्डरों ने स्वीकृत मानचित्र, बिल्डिंग प्लान और आवंटन लेटर नहीं लगाया।
रेरा ने इन सभी 16 प्रोजेक्टों का पंजीकरण रद्द करने का फैसला लिया है। लाल डोरा के अंदर होने के कारण सभी प्रोजेक्ट रेरा के दायरे से बाहर हैं। पंजीकरण रद्द करने से पहले ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से स्वीकृत मानचित्र के बारे में रिपोर्ट मांगी गई है।
प्राधिकरण को स्वीकृत मानचित्र के संबंध में अपनी नीति की जानकारी देनी होगी। रेरा के अफसरों ने बताया कि तीन दिन में प्राधिकरण को पत्र का जवाब देना होगा। रेरा के सचिव अबरार बअहमद ने यह पत्र भेजा है। रेरा के सलाहकार को तीन दिन में जवाब लाने की जिम्मेदारी दी है।
रेरा में पंजीकृत शाहबेरी के प्रोजेक्ट
प्रोजेक्ट का नाम बिल्डर का नाम
नागौरी होम्स वरुण यादव
नागौरी होम्स-2 वरुण यादव
नागौरी होम्स-3 वरुण यादव
जेपी हाइट जितेंद्र पाल सिंह
मान रेसीडेंसी जसबीर मान
आशियाना होम्स जसबीर मान
फ्रेंड्स एन्क्लेव मेगा रियल इंफ्रा प्रा.लि.
मान हाइट्स मान प्रोपर्टीज एंड डेवलपर्स प्रा. लि.
प्लॉट नंबर 13-14 मेगा रियल इंफ्रा प्रा.लि.
बालाजी अपार्टमेंट पंकज जैन
हिमालया रेसीडेंसी फेज-1 राहुल कुमार
श्री श्याम अपार्टमेंट-2 सुरेंद्र सिंह
श्री श्याम अपार्टमेंट सुरेंद्र सिंह
गोल्डन नेस्ट-3 शैलेंद्र कुमार
सारा होम्स-2 फुरकान
ब्राइटॉन हाउस नाबिया इंफ्रास्ट्रक्चर प्रा. लि.
शाहबेरी के प्रोजेक्टों के लिए प्राधिकरण से जवाब मांगा गया है। जवाब आने के बाद पंजीकरण रद्द किया जाएगा। बिल्डरों ने पंजीकरण में प्रोजेक्ट का स्वीकृत मानचित्र नहीं लगाया है।
- बलविंदर कुमार, सदस्य यूपी रेरा