फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शाहबेरी हादसाः गाढ़ी कमाई के लिए जिंदगी दांव पर लगा रहे खरीदार

Tue, 24 Jul 2018 09:50 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ग्रेटर नोएडा
विज्ञापन
फाइल फोटो
विज्ञापन

गाढ़ी कमाई से अपना आशियाना बनाने वाले खरीदार जर्जर भवन होने की नोटिस के बावजूद जिंदगी दांव पर लगाने को तैयार हैं। वे घर खाली करने को तैयार नहीं है। वे अब भी भरोसा नहीं कर रहे कि जिस बिल्डिंग में वे रहते हैं वह गिर भी सकती है। इतना जरूर कहते हैं कि इसे जल्दी बेचकर दूसरी जगह खरीदने की कोशिश जरूर करेंगे।

विज्ञापन


शाहबेरी हादसे के बाद अवैध रूप से बनीं बिल्डिंगों को खाली कराकर सील करने की कार्रवाई प्राधिकरण की तरफ से की जा रही है। शनिवार व रविवार को मिलाकर 50 से अधिक बिल्डिंगों पर नोटिस चस्पा किया जा चुका है। इनमें रहने वालों को एक हफ्ते में खाली करने को कहा गया है।

साथ ही बिल्डर से बिल्डिंग ढहाने को भी कहा गया है। अगर वह नहीं ढहाता है तो प्राधिकरण गिरा देगा और उसे गिराने का खर्च भी प्राधिकरण वसूल करेगा। शाहबेरी हादसे के बाद इन फ्लैटों में रहने वाले खरीदार असुरक्षा के साये में जी रहे हैं, लेकिन वे फ्लैट को खाली करने को तैयार नहीं है। उनका कहना है कि जीवन भर की कमाई इसमें लगा दी है।
विज्ञापन


घर खाली करने से ईएमआई तो खत्म नहीं हो जाएगी। वह तो भरना ही पड़ेगा। वे यह भरोसा कर रहे हैं कि शाहबेरी जैसा हादसा उनकी बिल्डिंग में नहीं होगा। महावीर हाइट्स में रहने वाली मंशा सिंह कहती हैं कि अपनी सुरक्षा को लेकर हम भी चिंतित हैं, लेकिन मध्य वर्ग परिवार के लिए 25 लाख रुपये जुटाना आसान नहीं है।

इतनी जल्द अपना घर कैसे छोड़ दें। साईं होम्स की अंजली उपाध्याय और मोनिका कहती हैं कि बैंक लोन व रजिस्ट्री होने पर हमने यहां फ्लैट खरीदा था। अब प्राधिकरण इसे अवैध बता रहा है तो उस समय कहां था जब ये बिल्डिंगें बन रहीं थीं। ऐसे तमाम खरीदार हैं, जो चेतावनी को दरकिनार कर खुद के घर में रह रहे हैं।

विज्ञापन

डीएम साहब ‘घर दिलाओ या पैसा’ 

फाइल फोटो
ग्रेटर नोएडा। शाहबेरी के कुछ खरीदार सोमवार को डीएम से मिलने पहुंचे। वे दफ्तर में नहीं थे। इसलिए सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा, जिसमें उन्होंने फ्लैटों को सील करने का विरोध किया। उनका कहना था, कि या तो उनको बिल्डर से पैसे वापस दिलाए जाएं या फिर उनको दूसरी जगह फ्लैट दिलाया जाए।

वे इस तरह से अपनी गाढ़ी कमाई नहीं छोड़ सकते। शाहबेरी हादसे के बाद अचानक से उन्हें घर खाली करने को कहा जा रहा है। यह संभव नहीं है। वहीं, कुछ खरीदार बिल्डर से मिलने दिल्ली गए, लेकिन वह वहां नहीं मिला। वे पैसा वापस चाहते हैं।

25 बिल्डरों का सर्वे नोटिस आज
सोमवार को शाहबेरी में ग्रेनो प्राधिकरण के अधिकारियों ने सर्वे कर 25 बिल्डिरों को चिह्नित किया है। जिनको मंगलवार को नोटिस जारी किया जाएगा। इससे पहले शनिवार व रविवार को 50 से अधिक बिल्डरों को नोटिस जारी कर खाली कराने और एक सप्ताह में ढहाने को कहा गया है।  प्राधिकरण के डीजीएम एके अरोड़ा ने बताया कि सोमवार को फ्लैटों का सर्वे किया गया है। उनकी सुरक्षा को लेकर ब्योरा तैयार हो रहा है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें