डिबाई की दौलतपुर चौकी क्षेत्र के एक गांव निवासी रेप पीड़िता को उसके ससुरालीजनों ने जला दिया। महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामले में महिला के परिजनों की तहरीर पर आरोपी सुसरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अलीगढ़ जिले के थाना हरदुआगंज निवासी व्यक्ति ने डिबाई थाने में तहरीर देकर बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व डिबाई क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक शिवा के साथ की थी। पीड़ित ने बताया कि करीब तीन माह पूर्व उनकी बेटी अपनी ससुराल में ही खेत से पशुओं का चारा लेने गई थी।
इस दौरान गांव निवासी एक युवक ने खेत में उसके साथ दुष्कर्म कर दिया। मामले में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि अब पीड़िता के ससुरालीजनों ने उक्त दुष्कर्म कांड का बहाना लेकर सोमवार देर रात उनकी विवाहित पुत्री को जला दिया।
दौलतपुर चौकी इंचार्ज अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी पति शिवा, सास, ससुर पूरन सिंह व देवर हरवंश के खिलाफ मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।