पूर्वी दिल्ली के मधु विहार इलाके में एक युवक ने सात वर्षीय मासूम से दुष्कर्म किया। आरोपी नेे पहले बच्ची को रुपये का लालच देकर फुसलाने की कोशिश की। जब मासूम नहीं मानी तो वह उसे जबरन उठाकर पास के मकान की छत पर ले गया और वारदात की। मासूम ने शोर मचाया तो युवक ने पिटाई कर दी और गला दबाने की भी कोशिश की। पुलिस ने पोक्सो, दुष्कर्म और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी शकरपुर निवासी मनीष (30) को मंगलवार शाम उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, परिवार के साथ मधु विहार इलाके में रहने वाली मासूम पास के सरकारी स्कूल में तीसरी कक्षा की छात्रा है। सोमवार शाम करीब 7 बजे मासूम अपनी गली में थी। इसी दौरान एक अज्ञात युवक आया और उसे पचास रुपये देने का लालच देकर साथ चलने को कहा. वह तैयार नही हुई। इसके बाद युवक उसे जबरन उठाकर मुंह दबाकर पास के मकान की छत पर ले गया। यहां वारदात के बाद वह भाग निकला। मासूम रोती हुई घर पहुंची और सारी बात परिजनों को बताई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मंगलवार देर शाम आरोपी मनीष को शकरपुर स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।