दुनिया के सात अजूबे (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : social media
दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ने विश्व के सात अजूबों की स्क्रैप से बनाई प्रतिकृतियों से एक अनूठे पार्क को विकसित किया है। वेस्ट टू वंडर पार्क में व्यापक्ता, भव्यता, सुंदरता के साथ-साथ इन प्रतिकृतियों के पुरातन महत्व के कारण दिल्ली की नई पहचान बनेगी। सात एकड़ में कलाकारों के सधे हुए हाथों से तैयार प्रतिकृतियां अपनी खासियत की नायाब दास्तां हैं।
सराय काले खां में पार्क के शुभारंभ के मौके पर केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने दक्षिणी निगम के तीन वर्ष के सुखद बदलावों पर दो पुस्तकों का भी लोकार्पण किया। गृहमंत्री ने इस मौके पर कहा कि स्वच्छता अब जन आंदोलन बन चुका है।
इस मौके पर दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने वेस्ट टू वंडर पार्क की सराहना करते हुए कहा कि निगम इसके रखरखाव के लिए कोई विशेष इंतजाम करे। इस पर निगम अधिकारियों ने बताया कि आने कुछ महीनों के बाद रखरखाव का कार्य आउटसोर्स करने पर विचार विमर्श किया जा रहा है। आयुक्त डॉ. पुनीत कुमार गोयल ने स्वागत भाषण में इस पार्क की विशेषताओं का जिक्र करते हुए बताया कि अगले साल तक दक्षिणी निगम शत-प्रतिशत कचरे का निपटारा करने लगेगा।
पार्क में प्री वेडिंग शूट की इजाजत पर विचार
आयुक्त डॉ. पुनीत गोयल ने इस मौके पर कहा कि कुछ समय बाद इस पार्क में प्री वेडिंग शूट सहित अन्य समारोहों के आयोजन की अनुमति देने पर विचार किया जा रहा है।