दिवाली तक मेट्रो ट्रेन से निकलते ही यात्रियों को सात और स्टेशन एलईडी लाइट से रोशन दिखेंगे। राजीव चौक और बाराखंभा रोड के बाद इन पर काम शुरू हो गया है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) की इस पहल से बिजली की खपत में 40-50 फीसदी की कमी होगी और रोशनी भी अधिक होगी।
अलग-अलग चरणों में सभी मेट्रो स्टेशनों पर ऐसी ही रोशनी की जाएगी। इससे सालाना करीब 7 करोड़ रुपये की बचत होगी। स्टेशनों पर बिजली की आपूर्ति के लिए 32 मेगावाट क्षमता के रूफटॉप सोलर पैनल भी लगाए गए हैं।
डीएमआरसी की ओर से चांदनी चौक, चावड़ी बाजार, पटेल चौक, मंडी हाउस, विश्वविद्यालय, नई दिल्ली स्टेशन, कश्मीरी गेट पर भी इन इंतजाम पर काम शुरू हो गया है। इसके बाद 10 एलिवेटेड मेट्रो स्टेशनों पर काम होगा। इनमें शाहदरा, वेलकम, सीलमपुर, शास्त्री पार्क, कश्मीरी गेट आदि शामिल हैं।