- दिल्ली ने एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीतकर 45 अंकों के साथ पदक में छठा स्थान
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। पुणे के पिंपरी-चिंचवड में आयोजित 66वीं सीनियर नेशनल पुरुष व महिला बॉडीबिल्डिंग और फिटनेस चैंपियनशिप में दिल्ली के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर राज्य का मान बढ़ाया। 22 राज्यों के 448 खिलाड़ियों के बीच दिल्ली ने एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीतकर पदक तालिका में छठा स्थान हासिल किया। वहीं प्रतियोगिता में महाराष्ट्र ने 240 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि कर्नाटक दूसरे स्थान पर रहा।
ज्योति ने बिखेरा जलवा, अक्षय-राहुल को भी पदक
इस दौरान वूमेन फिटनेस कैटेगरी में दिल्ली की ज्योति पाल ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। वहीं, 55 किग्रा वर्ग में अक्षय ने रजत और 60 किग्रा वर्ग में राहुल ने कांस्य पदक अपने नाम किया। योगेंद्र और हरीश कुमार ने क्रमशः चौथा व पांचवां स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में महाराष्ट्र 240 अंकों के साथ पहले स्थान पर रहा।
दिल्ली बॉडीबिल्डिंग संघ के अध्यक्ष सुरेश कुमार ने खिलाड़ियों की सराहना की, लेकिन सरकार से आर्थिक सहायता की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि महंगी डाइट के कारण कमजोर वर्ग के खिलाड़ियों के लिए यह खेल चुनौतीपूर्ण है। कोच देवेंद्र कुमार सेन ने बताया कि कड़े प्रशिक्षण के बाद अब स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी एशियन और वर्ल्ड चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।