नोएडा के सेक्टर-125 स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी में लॉ स्कूल नोएडा द्वारा आयोजित
कार्यक्रम में प्रसिद्ध कमेंटेटर और पूर्व क्रिकेटर अतुल वासन ने खेल कानून विषय पर छात्रों को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि देश में प्रतिभाओं को निखारने के लिए
अच्छे प्रशिक्षकों की नियुक्ति होनी चाहिए। 1999 तक देश में मैच फिक्सिंग
पर कोई कानून नहीं था, लेकिन अब जांच एजेंसिया बेहद सतर्क हैं।
वासन ने कहा कि देश में क्रिकेट के अलावा बाकी खेलों की स्थिति बेहद खराब है। खिलाड़ियों को सुविधाएं और धन नहीं मिल पा रहा है। मीडिया और आम जनता क्रिकेट पर ज्यादा फोकस करती है। देश में खेल संस्कृति अच्छी नहीं है।
खेल प्राधिकरण अपनी सही भूमिका नहीं निभा रहे हैं, जिस कारण खिलाड़ियों की संख्या कम है। देश में नेशनल स्पोर्ट्स डेवलेपमेंट बिल और स्पोर्ट्स फ्रॉड बिल अब तक पास नहीं हो पाए। ये बिल जल्दी पास हों ताकि खेलों की बेहतरी का रास्ता खुले।
एमिटी लॉ स्कूल के निदेशक मेजर जनरल निलेंद्र कुमार ने कहा कि खेल कानून में प्राधिकरण, सरकार की भूमिका और हस्तक्षेप की जानकारी देने के लिए यह प्रतियोगिता कराई जा रही है। इसमें आईएलएस पुणे, फैकल्टी ऑफ लॉ (पंजाब विवि), एसवीकेएम प्रवीन गांधी लॉ स्कूल मुंबई, यूआईएलएमएस गुड़गांव, एमिटी लॉ स्कूल दिल्ली के छात्र हिस्सा ले रहे हैं।