दिल्ली सरकार सिग्नेचर ब्रिज पर सुरक्षित सेल्फी प्वाइंट बनाने की योजना पर काम कर रही है। सरकार की कोशिश इस पुल पर किसी तरह के संभावित हादसों को रोकने की है। सेल्फी प्वाइंट पर लोगों के सुरक्षित तरीके से तस्वीरें खींचने से पुल पर अफरातफरी का माहौल नहीं बनेगा। इस बारे में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश भी दे दिया है।
मनीष सिसोदिया ने अपने निर्देश में कहा है कि सेल्फी प्वाइंट का विकास करने के साथ उस स्थान पर विशेष लाइटिंग का इंतजाम किया जाए। इसकी थीम सिग्नेचर ब्रिज ही रखनी है। संबंधित विभागों के सचिवों को जारी निर्देश में सिसोदिया ने कहा है कि ब्रिज के नजदीक बच्चों के लिए पार्क व पार्किंग का विकास किया जाए। इससे यह पर्यटन स्थल के तौर पर भी विकसित हो सकेगा। सिसोदिया ने कहा है कि जरूरत होने पर इसके लिए परामर्शदाता की नियुक्ति की जाए।