छात्राओं को आत्मसुरक्षा का प्रशिक्षण
- फोटो : अमर उजाला
बृहस्पतिवार को नई दिल्ली के मयूर विहार फेज-वन स्थित यमुना खादर झुग्गी कैंप में ‘अमर उजाला’ के ‘अपराजिता-100 मिलियन स्माइल्स’ अभियान के तहत स्कूली छात्राओं को आत्मसुरक्षा का प्रशिक्षण दिया गया। दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए और अभियान को बड़े स्तर पर लेने जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि दिल्ली में सरकारी स्कूलों की खस्ता हालत को काफी हद तक सुधारा गया है।
आत्मसुरक्षा प्रशिक्षण में बच्चियों ने सीखा कि जब कोई उन पर कोई हमला करे तो कैसे खुद को बचाना होगा। मानव अकादमी ऑफ मार्शल आर्ट्स के समन्वयक सुरजीत पाल ने छात्राओं को फेस पंच, चेस्ट पंच और स्टोमक पंच का इस्तेमाल करना सिखाया। साथ ही, उन्हें ये भी सिखाया गया कि जब कोई पीछे से हमला करे तो उससे किस तकनीक से बचा जा सकता है। छात्राओं को स्कूल से बाहर निकलते हुए और बाजार जाने पर हमेशा सतर्क रहना भी सिखाया गया।
खादर के सरकारी स्कूल में सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली विनीता ने बताया कि उन्हें जो सिखाया गया है, उसका प्रतिदिन अभ्य़ास करेंगी। विनीता के साथ ही प्रशिक्षण में हिस्सा लेने वाली प्रिया ने बताया कि कराटे सीखकर उन्हें बहुत अच्छा लगा। वो अपनी छोटी बहन के साथ मिलकर रोजाना उसका अभायास करेंगी और खुद को सुरक्षित रखेंगी।
इस दौरान काफी संख्या में बच्चियों ने हिस्सा लिया। उनके अभिभावकों ने इस मुहिम की सराहना की। उन्होंने कहा कि अपराध काफी बढ़ गया है। इस स्थिति में बच्चियों को आत्मसुरक्षा के प्रशिक्षण का बहुत बड़ा लाभ मिलेगा। गौरव का विषय है कि बेटियां हर परिस्थिति से निपटने में सक्षम हो जाएंगीं। इस मौके पर कराटे में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए कई बच्चों को सम्मानित भी किया गया।