गणतंत्र दिवस समारोह के मद्देनजर राजधानी दिल्ली में जमीन से लेकर आसमान तक सुरक्षा रहेगी। आतंकी हमले के इनपुट को देखते हुए सुरक्षा के इस कदर इंतजाम किए गए हैं कि परिंदा भी पर नहीं मार सकेगा। गणतंत्र दिवस की परेड के लिए नई दिल्ली में करीब 10 हजार पुलिसकर्मी सुरक्षा में तैनात रहेंगे। राजपथ के चारों तरफ रेड जोन बनाया गया है जहां गाड़ियों को शुक्रवार रात 11 बजे के बाद आने नहीं दिया गया। रात को ही बॉर्डरों को सील कर दिया गया था।
विज्ञापन
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो के कुछ स्टेशन आंशिक रूप से दोपहर तक बंद रहेंगे। दिल्ली मेट्रो ने गणतंत्र दिवस को लेकर अपने ट्विटर हैंडल से लोगों को यह जानकारी दी है। दिल्ली मेट्रो ने ट्वीट करते हुए बताया कि दिल्ली में चार मेट्रो स्टेशन आइटीओ, दिल्ली गेट, लाल किला, जामा मस्जिद के कुछ गेट सुबह छह बजे से दोपहर 12 बजे तक के लिए बंद रहेंगे।
दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता मधुर वर्मा ने बताया कि राजपथ के विजय चौक से लेकर लाल किले तक 300 कैमरे लगाए गए हैं। पहली बार फेस रीडर कैमरे लगाए गए हैं, जो संदिग्ध को देखते ही पुलिस को अलर्ट कर देंगे।
विज्ञापन
दिल्ली पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गणतंत्र दिवस समारोह के लिए राष्ट्रपति भवन से लाल किले के बीच एयरफोर्स, दिल्ली पुलिस, एनएसजी, एसपीजी के अलावा अर्द्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। ऊंची इमारतों पर शार्प शूटरों को भी तैनात किया गया है। हवाई हमले से बचाने के लिए इंडिया गेट के अलावा अन्य स्थानों पर रडार की तैनाती की गई है। एंटी एयरक्राफ्ट गन भी लगाई गई हैं।
दिल्ली के बॉर्डरों को शुक्रवार रात को ही सील कर दिया गया। पड़ोसी राज्यों की पुलिस के साथ संयुक्त रूप से चेकिंग शुरू कर दी गई थी। वाहनों को चेकिंग के बाद ही दिल्ली में प्रवेश दिया जा रहा था। दिल्ली में जगह-जगह पिकेट्स लगाकर चेकिंग की जा रही थी। बाजारों, मॉल्स व अन्य भीड़भाड़ वाली जगहों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बरती जा रही थी। पुलिसकर्मियों की छुट्टियां पहले से ही रद्द की हुई हैं। परेड के समय सुबह 9.50 से 12.30 बजे तक दिल्ली के आसपास हेलिकॉप्टरों से आसमान पर नजर रखी जाएगी। भूमिगत मेट्रो स्टेशनों व राजपथ के आसपास मौजूद कार्यालयों को अपने संरक्षण में ले लिया गया है।
गणतंत्र दिवस पर तैनात सुरक्षाकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
गणतंत्र दिवस समारोह के लिए राजपथ को शुक्रवार दोपहर तीन बजे से वाहनों के लिए बंद कर दिया गया। ये पाबंदी 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह खत्म होने तक जारी रहेगी। शुक्रवार रात 11 बजे से रफी मार्ग, जनपथ और मान सिंह रोड को बंद कर दिया गया। वहीं, रात 2 बजे से सी हेक्सागन इंडिया गेट पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई। यह प्रतिबंध परेड के खत्म होने तक जारी रहेगा।
इसके अलावा 26 जनवरी को तिलक मार्ग, बीएसजेड मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग से लेकर लालकिले आदि जगहों पर वाहनों की आवाजाही पर शाम चार बजे तक प्रतिबंध रहेगा। परेड के समय को देखते हुए डी दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, आरसी अग्रवाल चौक, दिल्ली गेट से वाहनों की क्रासिंग हो सकती है। रात 11 बजे के बाद से टी प्वाइंट साउथ एवेन्यू, त्यागराज मार्ग, के. कामराज मार्ग, सुनहरी मस्जिद मौलाना आजाद रोड, मान सिंह रोड, अकबर रोड, अशोक रोड, जसवंत सिंह रोड, डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद रोड, रेड क्रास रोड, संसद मार्ग, इम्तियाज खान रोड, रकाबगंज रोड, पंडित पंत मार्ग, चर्च रोड, टी प्वाइंट से लेकर नार्थ एवेन्यू को बंद कर दिया गया।