दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि उच्चायोग के बाहर और अधिक बैरिकेड लगा दिए गए हैं और वहां तैनात पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ा दी गई है। इसी क्रम में नई दिल्ली जिले के पुलिस उपायुक्त देवेश कुमार महला सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की जांच करने के लिए उच्चायोग का दौरा भी किया। वहीं, राजधानी में भी पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। जगह-जगह वाहनों की जांच की गई।
बांग्लादेश में हिंसक आरक्षण आंदोलन के बीच प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे के साथ ही उन्होंने देश छोड़ दिया है। इससे पहले रविवार को फिर से भड़की हिंसा के चलते करीब 100 लोगों की जान चली गई है। जून के अंत में शुरू हुआ आंदोलन सरकारी नौकरियों में स्वतंत्रता सेनानियों के वंशजों को मिलने वाले आरक्षण के खिलाफ था। विरोध के बीच जुलाई में सुप्रीम कोर्ट ने देश में अधिकतर आरक्षण को खत्म कर दिया। इन सबके बावजूद देश में एक बार फिर हिंसा भड़की और असर यह हुआ कि प्रधानमंत्री शेख हसीना को देश छोड़ना पड़ गया।