क्षेत्र में स्थित सुपरटेक कंपनी की निर्माणाधीन साइट पर बुधवार रात को सात हथियारबंद बदमाशों ने एक सुरक्षाकर्मी को बंधक बनाकर डकैती डाली। बदमाश साइट के स्टोर पर रखे लोहे के सामान व निर्माण सामग्री को वाहन में लाद रहे थे। इसी दौरान बंधक बनाए गए गार्ड ने सीटी बजा दी।
आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे अन्य सुरक्षाकर्मी बदमाशों से भिड़ गए और एक बदमाश को दबोचकर उसकी धुनाई कर दी, जबकि उसके साथी वाहन में लदा लूटा गया माल लेकर फरार हो गए। इस मामले में कंपनी के सुपरवाइजर ने बृहस्पतिवार को कोतवाली में केस दर्ज कराया है। पुलिस मौके से पकड़े गए बदमाश से पूछताछ कर अन्य की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है। हालांकि पुलिस इस वारदात में केवल दो बदमाशों के शामिल होने की बात कह रही है और मामला भी चोरी में दर्ज किया गया है।
क्षेत्र में सुपरटेक कंपनी का निर्माण कार्य चल रहा है। यहां पारसौल गांव निवासी चंद्रपाल सुरक्षाकर्मी के पद पर तैनात है। उसने बताया कि बुधवार रात वह कंपनी के गेट पर ड्यूटी कर रहा था। रात लगभग एक बजे सात बदमाश कंपनी में आ धमके। बदमाशों ने हथियार दिखाकर गार्ड को बंधक बना लिया।
आरोप है कि विरोध करने पर बदमाशों ने गार्ड के साथ मारपीट की। उसके बाद बदमाशों ने कंपनी के अंदर रखा लाखों का सामान वाहन में लाद लिया, लेकिन गार्ड ने किसी तरह सीटी बजा दी। आवाज सुनकर अन्य गार्ड मौके पर पहुंच गए, जिनको देखकर बदमाश माल लेकर मौके से फरार हो गए, जबकि एक बदमाश को गार्डों ने पीछा करते हुए धर दबोचा।
पकड़े गए बदमाश को बाद में मौके पर पहुंची पुलिस को सौंप दिया। उसकी पहचान निशांत निवासी ऊंची दनकौर के रूप में हुई। उधर, घायल गार्ड का दनकौर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है। कंपनी के सुपरवाइजर ऋषिपाल की शिकायत पर पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
चोरी के उद्देश्य से दो बदमाश कंपनी में घुसे थे। डकैती की घटना नहीं है। एक बदमाश निशांत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, फरार बदमाशों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- समरेश सिंह, कोतवाली प्रभारी, दनकौर