प्रधानमंत्री कार्यालय व राष्ट्रपति भवन के सामने स्थित और अति सुरक्षित कहे जाने वाले गृहमंत्रालय की सुरक्षा में सेंध का मामला सामने आया है। सीआईएसएफ के सतर्क जवानों ने एक युवक को नार्थ ब्लाक की छत पर चोरी करते पकड़ा है।
आरोपी युवक को पार्लियामेंट थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पार्लियामेंट थाना पुलिस ने मामला दर्जकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने बुलंदशहर निवासी आरोपी युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रधानमंत्री कार्यालय के सामने स्थित नार्थ ब्लाक में गृहमंत्रालय व वित्त मंत्रालय आदि है। नार्थ ब्लाक की सुरक्षा में सीआईएसएफ तैनात है।
सीआईएसएफ के इंस्पेक्टर राजेन्द्र प्रसाद पांडेय ने पार्लियामेंट थाना पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि बुधवार को 9.50 बजे एक युवक रूम नंबर 192, नार्थ ब्लाक गृहमंत्रालय की ओर जाने वाली एसी की महंगी वाली पाइप को काट रहा था।
कॉपर की ये पाइप बाजार में बहुत महंगी बिकती है। सीआईएसएफ कर्मियों ने जब आरोपी युवक को टोका तो वह भागने लग गया। उसे पीछाकर नार्थ ब्लाक की छत से पकड़ा गया। सीआईएसएफ कर्मियों ने इस व्यक्ति को पकड़ लिया और इसकेकब्जे से चोरी की कॉपर पाइप बरामद कर ली गई।
बाद में आरोपी की पहचान गांव खुर्जा, जिला बुलंदशहर निवासी राहुल कुमार के रूप में हुई। सीआईएसएफ कर्मियों ने उसे पार्लियामेंट थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। बताया जा रहा है आरोपी नार्थ ब्लाक आता रहता था।
वह यहां काम करने वाले ठेकेदार का परिचित था। दर्ज एफआईआर में कहा गया है कि गृहमंत्रालय में इस तरह की चोरी की घटना पहले भी आ चुकी हैं। मामले की जांच के लिए पार्लियामेंट थाने की एक विशेष पुलिस टीम बनाई गई है।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी युवक पहले कितनी बार नार्थ ब्लाक में चोरी की वारदात को अंजाम दे चुका है।