जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद रेलवे और एयरपोर्ट अलर्ट मोड में आ गए हैं। रेलवे स्टेशनों पर जहां आरपीएफ की टीमें बड़ी संख्या में तैनात की गई हैं, वहीं सीआईएसएफ के कर्मी एयरपोर्ट की सुरक्षा में बढ़ा दिए हैं। उधर, एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या बढ़ गई है। पर्यटन पर निकले लोग अपने-अपने घर लौट रहे हैं। एयरलाइंस ने श्रीनगर एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले विमानों की संख्या बढ़ाई है, वहीं रेलवे वहां फंसे लोगों को निकालने के लिए आगे आया है। उत्तर रेलवे ने माता वैष्णो देवी कटड़ा से नई दिल्ली के लिए स्पेशल ट्रेन शुरू की है। यह भी कहा है कि ट्रेन का रेक तैयार है, भीड़ को देखते हुए और अधिक विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी।