- आतंकी हमले के इनपुट मिलने के बाद एजेंसियां हुई अलर्ट
अमर उजाला ब्यूराे
नई दिल्ली। प्रदेश बीजेपी कार्यालय पर आतंकी हमले का अलर्ट जारी किया गया है। इसको देखते हुए आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बताया गया है कि आतंकी डीडीयू मार्ग स्थित दिल्ली बीजेपी मुख्यालय और आसपास के सरकारी दफ्तरों को निशाना बना सकते हैं। अलर्ट मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल मामले की जांच कर रही है। दिल्ली पुलिस के साथ पैरामिलिट्री के जवानों की तैनाती की गई है।
इस हमले के लिए आंतकी संगठनों द्वारा कार बम, शूटआउट, आईईडी प्लांट और सुसाइड बॉम्बर जैसी साजिश के जरिए हमले को अंजाम दिया जा सकता है। अलर्ट के बाद जांच एजेंसियां सतर्कता बरत रही है। लोगों से भी सुरक्षित स्थानों पर ही रहने की अपील की गई है।
इलाके में बढ़ी निगरानी
पुलिस प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने संभावित खतरे को देखते हुए निगरानी तेज कर दी गई है। राज्य भर में सभी अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए गए हैं। चौकसी बढ़ाने के साथ पुलिस द्वारा चेकिंग अभियान भी तेज कर दिया गया है। संदिग्ध गतिविधियों पर भी प्रशासन की पूरी तरह नजर है।